- एमजीएम थाना क्षेत्र में खुलेआम चल रहा खनन, पर्यावरण पर मंडराया खतरा
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसतुलिया नदी में अवैध बालू खनन का खेल बेखौफ जारी है। हैरानी की बात यह है कि यह पूरा कारोबार दिन के उजाले में खुलेआम संचालित हो रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि नदी से बड़े पैमाने पर बालू की निकासी की जा रही है और ट्रैक्टर व अन्य वाहनों के जरिए बिना किसी रोक-टोक के परिवहन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक न तो जांच की गई और न ही अवैध खनन पर लगाम लगाई जा सकी है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में बकरा विकास योजना का लाभ, 10 लाभुकों को मिला पशुधन
नदी के अस्तित्व पर संकट, ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
लगातार हो रहे अवैध खनन से कुसतुलिया नदी का अस्तित्व संकट में पड़ता नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बालू की अंधाधुंध निकासी के कारण नदी की धारा प्रभावित हो रही है और जलस्तर में भी गिरावट देखी जा रही है। इसके अलावा आसपास के पर्यावरण पर भी इसका गंभीर असर पड़ रहा है, जिससे भविष्य में बड़े खतरे की आशंका है। इस पूरे मामले ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े चल रहे इस अवैध कारोबार पर कार्रवाई नहीं होना कई संदेहों को जन्म दे रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि नदी और पर्यावरण को बचाया जा सके।






















