- लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत, 30 लाख के मोबाइल गायब
- व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की उठाई मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : बड़ाजामदा बाजार क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने बाजार स्थित दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर करीब 30 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया, जिससे यह घटना संगठित गिरोह की ओर इशारा करती है।
इसे भी पढ़ें : Chatara : गुरु-शिष्य का संंबंध हुआ शर्मसार, आवासीय स्कूल की छात्रा गर्भवती, हेडमास्टर हिरासत में
बाजार में बढ़ी पुलिस गश्त, संदिग्धों की तलाश तेज

थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि पिछले एक महीने से क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक नाबालिग को चोरी किए गए मोबाइल के साथ पकड़ा गया था। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि इन वारदातों में ओडिशा से आने वाले कुछ नाबालिग शामिल हो सकते हैं, जो नशे की लत के कारण अपराध की ओर बढ़ रहे हैं। पुलिस ने चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया है और बाजार क्षेत्र में गश्त भी बढ़ा दी गई है। वहीं, स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर जल्द रोक लगाने की मांग की है।























