- बहरागोड़ा की भूतिया पंचायत में खस्ताहाल पुलिया से ग्रामीणों में दहशत
- 15 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा चक्का जाम आंदोलन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की भूतिया पंचायत में विकास के दावों की पोल एक जर्जर पुलिया खोल रही है। चंद्रपुर गांव से खण्डामौदा चौक के बीच स्थित यह पुलिया आज खौफ का पर्याय बन चुकी है। पुलिया के दोनों ओर मौजूद 40 से 50 फीट गहरी खाई और लंबे समय से प्रशासन की अनदेखी ने इसे एक खतरनाक डेथ ट्रैप में बदल दिया है। गुरुवार रात इस पुलिया ने एक और जान ले ली, जब गोहालमारा गांव निवासी जादूनाथ सोरेन की बाइक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली घटना नहीं है; अब तक यहां आधा दर्जन से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल या दिव्यांग हो चुके हैं।
इसे भी पढ़ें : Potka : गरीबी को मात देकर पार्वती बास्के ने मेरिट में बनाई जगह, बनी मिसाल
लगातार हादसों के बावजूद नहीं जागा प्रशासन
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। शनिवार को भाजपा नेता ऋषि षाड़ंगी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिया स्थल पर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने प्रशासन की लापरवाही को ‘कुंभकर्णी नींद’ बताते हुए जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर पुलिया निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो चंद्रपुर-खण्डामौदा मुख्य मार्ग पर अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा। इस संबंध में जमशेदपुर उपायुक्त, घाटशिला एसडीओ और स्थानीय विधायक समीर मोहंती को ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अब वे किसी और की जान जाने का इंतजार नहीं करेंगे।























