ठेका मजदूरों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुलझाने का दिया आश्वासन
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर, 5 मई को होगी अहम बैठक
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने स्थानीय लोगों और मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। गुवा रेलवे मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक में बेरोजगारी, ठेका मजदूरों की स्थिति और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सेल खदान में कार्यरत ठेका मजदूरों ने बताया कि उन्हें अचानक काम से हटा दिया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों की समस्याएं सुनते ही मधु कोड़ा ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत की और काम से हटाए गए मजदूरों को जल्द से जल्द पुनः बहाल करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्थानीय मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : Gua : टेकअप प्वाइंट पर रेलवे निर्माण से जगी उम्मीद, सारंडा के ग्रामीणों को राहत की आस
मजदूरों की समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई, अधिकारियों को दिए निर्देश
बैठक के दौरान मधु कोड़ा ने यह भी घोषणा की कि आगामी 5 मई को सेल के अधीन कार्यरत निजी कंस्ट्रक्शन कंपनियों के मालिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक का उद्देश्य स्थानीय बेरोजगार युवाओं और मजदूरों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिलाना होगा, ताकि बाहरी श्रमिकों पर निर्भरता कम हो सके। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएं, तो क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। इस मौके पर भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। वहीं, स्थानीय लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री से क्षेत्र के समग्र विकास और रोजगार सृजन के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।






















