JET परीक्षा में गड़बड़ी पर उठाए सवाल, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
परीक्षा रद्द कर पुनः आयोजन की मांग, छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश कुमार षाड़ंगी ने झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) में उड़िया भाषा के प्रश्न पत्र में हुई गंभीर त्रुटियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। सोमवार को अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र का अपठनीय होना बेहद चिंताजनक है और यह उड़िया भाषी अल्पसंख्यकों की अस्मिता के साथ सीधा खिलवाड़ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केवल उड़िया ही नहीं, बल्कि नागपुरी भाषा के प्रश्न पत्र में भी कई विसंगतियां सामने आई हैं, जो परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती हैं।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा दौरे पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, बेरोजगारी और मजदूरों के मुद्दों पर जताई चिंता
भाषाई त्रुटियों से परीक्षार्थियों में आक्रोश, आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल
डॉ. षाड़ंगी ने इस पूरे मामले को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए इसे राज्य सरकार को बदनाम करने की संभावित साजिश करार दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि दोषी अधिकारियों की तत्काल पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने परीक्षार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए वर्तमान परीक्षा को रद्द कर पुनः पारदर्शी तरीके से परीक्षा आयोजित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है और सरकार को इस दिशा में त्वरित निर्णय लेना चाहिए।






















