भुवनेश्वर महतो बोले- जल्द मिलेगा सम्मान, पेंशन और प्रमाण पत्र जेबी लाइव, रिपोर्टर जमशेदपुर : जमशेदपुर में झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण
भुवनेश्वर महतो बोले- जल्द मिलेगा सम्मान, पेंशन और प्रमाण पत्र
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में झारखंड आंदोलनकारी चिन्हितीकरण आयोग के सदस्य भुवनेश्वर महतो ने दुर्योधन महतो के आवास पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में आंदोलनकारियों के लंबित मुद्दों पर चर्चा की। इस बैठक में पटमदा और बोड़ाम प्रखंड के कई आंदोलनकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के कई आंदोलनकारी पहले ही चिह्नित किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल कुछ को ही प्रशस्ति पत्र मिल सका है। इस कारण कई लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उपायुक्त कार्यालय से बातचीत के बाद जल्द ही शेष सभी पात्र आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे। वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम जिले में लगभग 2200 मामलों का निपटारा लंबित है, जिनमें से 1200 मामले पटमदा और बोड़ाम क्षेत्र से जुड़े हैं।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : इको-पैसेज प्रोजेक्ट पर उठे सवाल, अंडरपास ध्वस्त होने से मचा हड़कंप
आरक्षण, पेंशन और स्वास्थ्य बीमा की सुविधाएं होंगी सुनिश्चित
भुवनेश्वर महतो ने बताया कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों के हित में कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। चिन्हित आंदोलनकारियों के आश्रितों को सरकारी नौकरियों में 5 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही सभी आंदोलनकारियों को समान पेंशन देने की दिशा में काम किया जा रहा है, जिसके लिए इस वर्ष के बजट में 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वर्तमान में 3500, 5000 और 7000 रुपये की अलग-अलग श्रेणियों में पेंशन दी जाती है, जिसे एक समान करने का प्रयास जारी है। इसके अलावा आंदोलनकारियों को साढ़े चार लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ देने की भी योजना है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : कोल्हान विवि के फैसलों का स्वागत, शिक्षकों की कमी पर तालाबंदी की चेतावनी
लंबित मामलों के निपटारे के लिए आयोग का कार्यकाल बढ़ेगा
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि कई प्रमुख आंदोलनकारियों के नाम अब भी गृह विभाग में लंबित हैं, जिनमें गुरुजी शिबू सोरेन, सुप्रियो भट्टाचार्य और स्वर्गीय रामदास सोरेन जैसे नाम शामिल हैं। इन लंबित मामलों के निपटारे के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आयोग का कार्यकाल बढ़ाने का आश्वासन दिया है। बैठक में दुर्योधन महतो, मनबोध महतो, रसराज महतो, मलिंद्र सिंह, श्यामापद रजक, सुनील मुर्मू, अमर गोप, अजीत महतो, सुल्तान अंसारी, आनंदमय महतो, बंक बिहारी महतो, मदन टुडू, गोपाल माहली, प्रणव महतो, पेलाराम सिंह, अबोध सहिस, चित्तरंजन महतो और बाबलू दत्त समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।