डीजल की कमी से सड़क पर खड़े वाहन, चुनिंदा पंपों पर मिल रही राहत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा एवं बड़ाजामदा क्षेत्र में इन दिनों डीजल की किल्लत लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। कई पेट्रोल पंपों पर डीजल की उपलब्धता नहीं होने के कारण वाहन चालकों को निराश लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि बड़े वाहनों से लेकर निजी गाड़ियों तक को ईंधन के अभाव में सड़कों पर खड़ा देखा जा रहा है। खासकर खनन क्षेत्र और भारी वाहनों के बढ़ते परिचालन के कारण डीजल की मांग अचानक बढ़ गई है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि इस संकट के बीच Indian Oil Corporation Limited के कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल उपलब्ध होने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिल रही है।
इसे भी पढ़ें : Keonjhar : बहन की लाश लेकर बैंक पहुंचा भाई, सिस्टम की संवेदनहीनता पर उठे सवाल
डीजल की कमी से बढ़ी आम लोगों की मुश्किलें
क्षेत्र के लोगों के अनुसार Shri Indhan Indian Oil, Nilwati Indian Oil और Barajamda Automobiles जैसे इंडियन ऑयल से जुड़े पंपों पर डीजल की नियमित आपूर्ति जारी है, जिससे वहां उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। लोग इन पंपों पर लंबी कतारों में लगकर डीजल प्राप्त कर रहे हैं। वहीं अन्य पेट्रोल पंपों पर डीजल की अनुपलब्धता से असंतोष का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो परिवहन और खनन कार्य पूरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। फिलहाल इंडियन ऑयल के पंपों पर मिल रही सुविधा से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है और वे उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही स्थिति सामान्य होगी।























