गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 58 पुड़िया नशा और नकदी बरामद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला के मऊभंडार स्थित हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) के क्वार्टर संख्या A65/AB में 27 अप्रैल को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ब्राउन शुगर रैकेट का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में पांच युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जो कथित रूप से नशे का सेवन कर रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में सुजीत राणा (25), करण व्यास (26), अर्जुन व्यास (26), सौरव दत्ता (25) और संजय दत्ता (32) शामिल हैं। तलाशी के दौरान सभी के पास से कुल 58 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन लगभग 8.380 ग्राम है, बरामद किया गया। इसके अलावा मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के उद्देश्य से की गई है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में विवाह समारोह में शामिल हुए विधायक सोमेश चन्द्र सोरेन, नवदंपति को दिया आशीर्वाद
प्रशासन सख्त, नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
छापेमारी के बाद सभी आरोपियों को मऊभंडार ओपी लाया गया, जहां उनकी विधिवत तलाशी बीडीओ यूनिका शर्मा की मौजूदगी में की गई। इस दौरान प्रत्येक आरोपी के पास से अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद हुई। घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार कुजूर ने बताया कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कीमत पर अवैध नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। इस अभियान में पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।























