कोबरा 209 बटालियन की बड़ी कार्रवाई, हथियार और संदिग्ध सामान बरामद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के घने जंगलों में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में कोबरा 209 बटालियन के जवानों ने एक माओवादी को मार गिराया। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से शव के साथ हथियार और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल मारे गए नक्सली की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि जवानों ने सटीक रणनीति के तहत इलाके को घेरकर ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिससे माओवादियों को बड़ा नुकसान हुआ है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : हाथियों का आतंक: मटिहाना-चाकुलिया मार्ग पर रात में सफर बना खतरे से भरा
इनामी नक्सली मिसिर बेसरा की तलाश तेज, जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी
सूत्रों के अनुसार सुरक्षाबलों को पहले से सूचना मिली थी कि एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा का दस्ता रुटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा क्षेत्र में सक्रिय है। इसी सूचना के आधार पर पिछले दो दिनों से सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था। बुधवार को सर्च अभियान के दौरान माओवादियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी गई है और गहन तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि इस ऑपरेशन में और भी अहम सफलता मिल सकती है।























