मारवाड़ी युवा मंच की पहल से शहरवासियों को मिलेगा निःशुल्क ठंडा पानी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, स्टील सिटी सुरभि शाखा द्वारा चलंत अमृत धारा सेवा की शुरुआत की गई। इस सेवा का शुभारंभ साकची क्षेत्र से किया गया, जिसका उद्देश्य शहरवासियों और राहगीरों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इस पहल के तहत प्रतिदिन लगभग 20 वाहन शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भ्रमण करेंगे और मजदूरों, राहगीरों तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क ठंडा पानी उपलब्ध कराएंगे। तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच यह सेवा लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : बालिजुडी में पूर्व विधायक सनातन माझी की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा
सामाजिक सरोकार से जुड़ी पहल की हो रही सराहना
मारवाड़ी युवा मंच की अध्यक्ष पायल अग्रवाल ने बताया कि गर्मी के इस कठिन मौसम में आमजन को राहत पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी चलंत गाड़ियां अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लगातार लोगों को ठंडा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराएंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सेवा का लाभ उठा सकें। इस पहल की शहर में व्यापक सराहना हो रही है और इसे मानवता व सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास को सराहनीय कदम बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल करार दिया है।






















