बहरागोड़ा में आयोजित समारोह में 30 आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित
बहरागोड़ा को आदर्श विधानसभा बनाने का दोहराया संकल्प
अलग राज्य आंदोलन के नायकों को सम्मान देने की मांग वर्षों से थी जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय सभागार में मंगलवार को झारखंड राज्य गठन आंदोलन से जुड़े वीर आंदोलनकारियों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक समीर कुमार मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और क्षेत्र के 30 चिन्हित आंदोलनकारियों को आधिकारिक प्रमाण पत्र एवं अधिकार पत्र सौंपकर सम्मानित किया। समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि झारखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज राज्य जिस विकास पथ पर आगे बढ़ रहा है, उसमें इन आंदोलनकारियों की अहम भूमिका रही है। विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने आंदोलनकारियों को सम्मान देने और उनके अधिकारों को सुरक्षित करने का ऐतिहासिक कार्य किया है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पूर्व जिला पार्षद करुणा मय मंडल के प्रयास से मेधावी छात्रा को मिला शिक्षा का सहारा
झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान को लेकर सरकार की पहल तेज
विधायक समीर कुमार मोहंती ने समारोह के दौरान बहरागोड़ा के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उनका सपना बहरागोड़ा को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना है, जहां हर वर्ग को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में विकास कार्यों की गति और तेज की जाएगी। कार्यक्रम में अंचल अधिकारी राजा रामसिंह मुंडा, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, उप प्रमुख मुन्ना होता, शाम मुर्मू, बिसु ओझा, रासबिहारी साहू, जादूपति राणा, सुमित मैति, विशाल बारिक सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने झारखंड आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके जज्बे और संघर्ष को नमन किया।























