ओपीडी अपॉइंटमेंट से शिकायत प्रबंधन तक एक ही नंबर पर उपलब्ध होंगी सेवाएं
तकनीक आधारित सेवाओं से स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी और बेहतर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल ने मरीज सहायता सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘टीएमएच साथी’ नामक समर्पित 24×7 हेल्पलाइन प्लेटफॉर्म की शुरुआत की है। यह सेवा पेशेवर कॉल सेंटर सेवा प्रदाता डिजिटाइड के सहयोग से विकसित की गई है। इस पहल की घोषणा मीडिया संवाद कार्यक्रम के दौरान की गई, जिसमें टाटा स्टील मेडिकल सर्विसेज़ की जनरल मैनेजर डॉ विनीता सिंह उपस्थित रहीं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि पहले सीमित समय के दौरान ही ओपीडी अपॉइंटमेंट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन अब इस नई व्यवस्था के जरिए मरीजों को चौबीसों घंटे सहायता मिल सकेगी।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा सेल अस्पताल में हंगामा, बिना ऑक्सीजन मरीज को रेफर करने पर महिलाओं ने रोकी एंबुलेंस
मरीजों की सुविधा के लिए टीएमएच की नई पहल

‘टीएमएच साथी’ हेल्पलाइन 033 6902 2333 पर उपलब्ध होगी और यह टीएमएच क्लीनिक, टीएमएच टिनप्लेट तथा आरोग्य भवन हेल्थ चेक-अप सेंटर से जुड़ी सेवाओं के लिए सहायता प्रदान करेगी। इस हेल्पलाइन के माध्यम से मरीज ओपीडी अपॉइंटमेंट बुकिंग, रीशेड्यूलिंग, शिकायत प्रबंधन, मरीज प्रतिक्रिया तथा अन्य सहायता सेवाओं का लाभ एक ही संपर्क माध्यम से ले सकेंगे। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य तेज प्रतिक्रिया समय सुनिश्चित करना, प्रश्नों का प्रभावी समाधान करना और शिकायतों के निवारण को अधिक सुव्यवस्थित बनाना है।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका के तीन शिक्षक जिला स्तर पर सम्मानित, शिक्षा क्षेत्र में योगदान को मिली सराहना
एक ही नंबर पर मिलेगी अस्पताल से जुड़ी सभी जरूरी जानकारी
अधिकारियों ने कहा कि ‘टीएमएच साथी’ सेवा उत्कृष्टता और तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस पहल से मरीजों के समग्र अनुभव में सुधार होगा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच अधिक आसान एवं भरोसेमंद बनेगी। अस्पताल प्रबंधन का मानना है कि नई हेल्पलाइन के जरिए समुदाय को हर समय बेहतर स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और मरीजों को अस्पताल सेवाओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
























