फिट इंडिया मूवमेंट के 75वें संस्करण के तहत आयोजित हुआ ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर 184वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा रविवार को फिट इंडिया मूवमेंट के 75वें संस्करण के अंतर्गत ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कमांडेंट प्रवीण कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के तहत बटालियन मुख्यालय से एक साइकिल रैली निकाली गई, जिसने आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण और सतत परिवहन के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा प्रदूषण कम करने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर घायल
साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने की कमांडेंट ने की अपील
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इससे ईंधन की बचत होती है और वायु प्रदूषण में कमी आती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी प्रणव आनंद झा, सहायक कमांडेंट एन. के. वर्मा, डॉ. शीला गणेश सहित बटालियन के अन्य अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे। आयोजन में प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और सक्रिय जीवनशैली के महत्व की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ, फिट और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।


























