संगठन को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा, जिला अध्यक्ष ने सौंपा नियुक्ति पत्र
नई जिम्मेदारी मिलने पर लव कुमार निराला ने जताया आभार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, झारखंड प्रदेश सचिव सुनील शर्मा एवं संगठन प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी के सक्रिय और युवा नेता लव कुमार निराला को जिला सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्हें जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह और प्रदेश सचिव सुनील शर्मा के हाथों नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : भगवान बिरसा मुंडा के शहादत दिवस पर झामुमो ने दी श्रद्धांजलि
संगठन विस्तार को लेकर कांग्रेस की बैठक
जिला सचिव नियुक्त किए जाने पर लव कुमार निराला ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा उन पर जो विश्वास जताया गया है, उस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को जोड़ने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत करने का संकल्प लिया। उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


























