ईंधन, बीमा और स्पेयर पार्ट्स की बढ़ती लागत के कारण लिया गया निर्णय
यात्रियों को देना होगा 5 रुपये तक अधिक किराया
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : मानगो क्षेत्र में ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए 22 जून से यात्रा महंगी होने जा रही है। शिक्षित बेरोजगार ऑटो चालक संघ ने डिमना ऑटो स्टैंड से संचालित होने वाले ऑटो के किराए में 5 रुपये तक की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। डिमना ऑटो स्टैंड परिसर में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। संघ के स्टैंड संचालक चंदन गोराई ने बताया कि सीएनजी और डीजल की बढ़ती कीमतों, वाहन बीमा से जुड़े खर्चों तथा स्पेयर पार्ट्स के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के कारण किराया बढ़ाना आवश्यक हो गया था। नई दरों के अनुसार साकची से हीरा होटल के आगे डिमना चौक तक का किराया 15 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया गया है। वहीं साकची से एमजीएम अस्पताल तक का किराया अब 20 रुपये के बजाय 25 रुपये देना होगा।
इसे भी पढ़ें : Potka : हिंदुराम बेसरा की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान
ऑटो चालकों ने बढ़ती परिचालन लागत को बताया प्रमुख कारण
संघ द्वारा जारी नई किराया सूची के अनुसार मानगो चौक से एमजीएम अस्पताल तक का भाड़ा भी 15 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया गया है। हालांकि साकची से हीरा होटल तक का किराया 15 रुपये, मानगो चौक से डिमना चौक तक का किराया 15 रुपये तथा स्थानीय उतार-चढ़ाव का किराया 10 रुपये ही रहेगा। चंदन गोराई ने स्पष्ट किया कि निर्धारित किराया केवल स्टैंड से स्टैंड तक की यात्रा के लिए लागू होगा। यदि यात्री तय स्टॉपेज से आगे जाना चाहते हैं तो उन्हें अतिरिक्त दूरी के अनुसार अलग से किराया देना होगा। संघ का कहना है कि बढ़ती लागत के बीच ऑटो संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए यह निर्णय आवश्यक था।


























