नर्सरी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
सूर्य नमस्कार और प्राणायाम का कराया गया अभ्यास
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जादूगोड़ा : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के धर्मडीह स्थित शेफर्ड इंग्लिश मीडियम स्कूल परिसर में शनिवार को विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नर्सरी से लेकर दसवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। योगाभ्यास के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता निभाई, जिससे विद्यालय परिसर योगमय वातावरण में बदल गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो में ऑटो किराया बढ़ा, डिमना रूट पर 22 जून से लागू होंगी नई दरें
योग से शारीरिक और मानसिक विकास संभव : मुद्रिका शर्मा
विद्यालय की निदेशक मुद्रिका शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्फूर्ति के साथ मानसिक शांति और एकाग्रता भी प्राप्त होती है। विद्यालय के प्राचार्य पी. के. बनर्जी ने भी बच्चों को योग के प्रति जागरूक करते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशिक्षक के रूप में पी. के. बनर्जी, सुनीता टुडू, मेनका सिंह, बबली नाथ, सरस्वती, स्वाति कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, रूपी कुमारी एवं सुनीता साव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


























