अभयपुर गांव में देर रात हाथियों के प्रवेश से ग्रामीणों में फैली दहशत
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : मनोहरपुर क्षेत्र के अभयपुर गांव में बुधवार देर रात जंगली हाथियों के एक झुंड ने घुसकर ग्रामीणों में दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे आधा दर्जन से अधिक हाथियों का झुंड गांव पहुंचा और ग्रामीण कोलेश्वर बांदा के घर के आसपास काफी देर तक उत्पात मचाता रहा। इस दौरान हाथियों ने मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे घर को आंशिक नुकसान पहुंचा। इतना ही नहीं, घर में रखे लगभग तीन क्विंटल धान को भी हाथियों ने खा लिया। अचानक हाथियों के गांव में पहुंचने से परिवार के सदस्य भयभीत हो गए और किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग रातभर सतर्क रहे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : दो मासूम बच्चों के साथ 40 वर्षीय महिला लापता, 10 दिनों से परिजन कर रहे तलाश
ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद हाथियों को गांव से खदेड़ा

हाथियों के उत्पात की सूचना मिलते ही ग्रामीण एकजुट हो गए और शोर-शराबा तथा पारंपरिक उपायों के जरिए हाथियों को गांव से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद ग्रामीणों को सफलता मिली और हाथियों का झुंड गांव छोड़कर आगे बढ़ गया। हालांकि गांव से निकलते समय हाथियों ने अनिल कंडुलना के खेत में लगी बोदी फसल को भी रौंद दिया, जिससे किसान को नुकसान उठाना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र के लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। हाथियों के जंगल की ओर लौटने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं की आशंका बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Potka : ब्रेन मलेरिया से छात्रा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सख्त, निदान क्लिनिक को थमाया नोटिस
वन विभाग ने शुरू की क्षति आकलन और मुआवजा प्रक्रिया

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह अभयपुर गांव का दौरा किया। विभागीय अधिकारियों और कर्मियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया तथा क्षति प्रतिपूर्ति के लिए आवश्यक आवेदन प्रपत्र उपलब्ध कराए। साथ ही पूरे मामले को विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि नियमानुसार जांच और क्षति के विस्तृत आकलन के बाद प्रभावित परिवारों को निर्धारित प्रावधानों के तहत मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों की गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की भी अपील की है।

























