वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव और फूलो-झानो के बलिदान को किया गया याद
सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का लिया गया संकल्प
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झाड़ग्राम : झाड़ग्राम जिले में अमर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो तथा अन्य महान वीरों की स्मृति में हूल दिवस गहरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया गया। झाड़ग्राम स्थित उप मंडलाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के पशु संसाधन विकास एवं मत्स्य विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री राजेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर झाड़ग्राम के विधायक लक्ष्मीकांत साऊ, जिला मजिस्ट्रेट एवं कलेक्टर डॉ. आकांक्षा भास्कर, पुलिस अधीक्षक मानव सिंगला, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय आदिवासी समुदाय के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वीर शहीदों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया गया।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जनता को सुरक्षा चाहिए, सिर्फ चालान नहीं : डबल डाउन घटना पर सौरभ विष्णु का प्रशासन पर हमला
हूल आंदोलन को बताया साहस और स्वाभिमान का प्रतीक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हूल आंदोलन केवल एक ऐतिहासिक विद्रोह नहीं, बल्कि आदिवासी समुदाय के अदम्य साहस, संघर्षशीलता और स्वतंत्रता के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू और उनके साथियों का बलिदान आज भी समाज को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों की रक्षा करने की प्रेरणा देता है। जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि झाड़ग्राम आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मानपूर्वक संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही नई पीढ़ी तक इस विरासत को पहुंचाने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया गया।
























