नारदा, कन्दर और बालियाचुआ के ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव का दिया संदेश
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के हरिणा एवं नारदा पंचायत अंतर्गत ब्रेन मलेरिया प्रभावित गांवों—नारदा, कन्दर और बालियाचुआ में सांसद विद्युत वरण महतो के सौजन्य से ग्रामीणों के बीच मच्छरदानी का वितरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को मच्छरजनित बीमारियों, विशेषकर ब्रेन मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि वे प्रतिदिन रात में सोते समय अनिवार्य रूप से मच्छरदानी का उपयोग करें, ताकि मलेरिया के संक्रमण को रोका जा सके और स्वस्थ जीवन सुनिश्चित किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : Potka : भागाबेड़ा मध्य विद्यालय में ‘एक पौधा मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
ग्रामीणों ने सांसद के प्रति जताया आभार
मच्छरदानी वितरण कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सांसद विद्युत वरण महतो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ब्रेन मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में यह पहल काफी उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को बीमारी से बचाव में मदद मिलेगी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। इस अवसर पर भाजपा नेता मनोज कुमार सरदार, कोवाली मंडल अध्यक्ष श्यामल महाकुड़, मंडल महामंत्री पिंटू पुरान, हिरो सरदार, रत्नाकर महतो, प्रकाश सरदार, सिद्देस महतो, महावीर सरदार, राजेश बास्के, शिवनाथ सरदार सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


























