सुबह चार बजे से मंदिरों में लगी भक्तों की कतार, भोलेनाथ की पूजा-अर्चना के लिए उमड़ी भीड़
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सावन माह की दूसरी सोमवारी के अवसर पर गुवा के तीनों प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। गुवा बाजार स्थित कुसुम घाट के समीप शिवालय, गुवा रेलवे कॉलोनी स्थित शिवालय तथा योग नगर स्थित शिवालय में सुबह करीब चार बजे से ही भक्तों का आना शुरू हो गया था। महिला, पुरुष और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। दूसरी सोमवारी को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मंदिर परिसरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। शिवभक्तों की लंबी कतारें सुबह से ही मंदिरों में लगी रहीं और श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना में जुटे रहे।
इसे भी पढ़ें : Gua : लिखित समझौता लागू कराने की मांग पर सारंडा में उग्र आंदोलन, रांजाबुरु खदान में अनिश्चितकालीन चक्का जाम
सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ जलाभिषेक, योग नगर शिवालय में बांटा गया खिचड़ी भोग
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गुवा प्रशासन की ओर से तीनों शिवालयों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस जवानों ने भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं योग नगर स्थित शिवालय में दूसरी सोमवारी के अवसर पर मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन को सफल बनाने में पंकज कुमार गुप्ता, विनोद कुमार सिंह, किशोर सिंह सहित मंदिर समिति के अन्य सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सावन की दूसरी सोमवारी पर पूरे गुवा क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल देखने को मिला।























