नमन परिवार ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर वीर योद्धा के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को किया याद
गणमान्य लोगों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर में नमन परिवार द्वारा 1965 के भारत-पाक युद्ध के महानायक एवं परमवीर चक्र विजेता शहीद अब्दुल हमीद की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। पूरे परिसर में “वीर अब्दुल हमीद अमर रहें” के जयघोष गूंजते रहे। उपस्थित लोगों ने भारत माता के इस वीर सपूत को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय शौर्य, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि शहीद अब्दुल हमीद का जीवन साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशप्रेम का ऐसा उदाहरण है, जो आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
इसे भी पढ़ें : Adityapur : थाने के सामने सार्वजनिक शौचालय पर अतिक्रमण, महिलाओं की बढ़ी मुश्किलें
शहीद अब्दुल हमीद के बलिदान को किया गया याद
नमन परिवार के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले की अनुपस्थिति में कार्यक्रम का संचालन मुख्य संरक्षक बृजभूषण सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान को केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि नमन परिवार समाज की नई पीढ़ी को देशभक्ति, त्याग और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। संस्था भविष्य में भी वीर शहीदों के जीवन और उनके बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती रहेगी।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : डायन प्रथा के आरोप में 65 वर्षीय महिला से मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
शहीदों के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश राय ने कहा कि शहीद अब्दुल हमीद का जीवन देशभक्ति और अदम्य साहस की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए उन्होंने जिस वीरता का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा। वहीं अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के संस्थापक वरुण कुमार ने कहा कि भारतीय सैनिकों का शौर्य और बलिदान देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी शहीद अब्दुल हमीद ने जो पराक्रम दिखाया, वह भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध को मजबूत करता है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : करम महोत्सव में शामिल होने के लिए राज्यपाल और रक्षा राज्य मंत्री को आमंत्रण, मिला आश्वासन
भारतीय सैनिकों के शौर्य को बताया राष्ट्र की शक्ति
कार्यक्रम में रामलीला उत्सव समिति के रामकेवल मिश्रा, टुइलाडूंगरी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के जसवंत सिंह भोमा, साहित्यकार बलविंदर सिंह, वरिष्ठ पत्रकार राघवेंद्र शर्मा, राजू सिंह, रितिका श्रीवास्तव, महालक्ष्मी देवी, सुनीता देवी, ममता साहा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने शहीद अब्दुल हमीद के अदम्य साहस, राष्ट्रनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के अंत में जूगुन पांडे ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए उपस्थित अतिथियों, महिलाओं, युवाओं और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्रसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।



























