डी टाइप क्वार्टर से चोरी लैपटॉप, मोबाइल और नकदी बरामद
वारदात में इस्तेमाल कार भी पुलिस ने की जब्त
जेबी लाइव, रिपोर्टर
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू थाना क्षेत्र के टाउनशिप स्थित डी टाइप क्वार्टर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का लैपटॉप, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक कार भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को डी टाइप क्वार्टर नंबर-33 निवासी राहुल कुमार यादव (41) ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके क्वार्टर का ताला तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी और जेवरात की चोरी कर ली है। शिकायत के आधार पर किरीबुरू थाना कांड संख्या 15/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला में दो रोजगार शिविरों का आयोजन, 55 अभ्यर्थियों को विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए किया गया शॉर्टलिस्ट
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने गठित की विशेष छापामारी टीम
पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक (प्रशिक्षु) राजकुमार जयराजू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 3 अक्टूबर को इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त अफताब खान उर्फ टेंगरू (19), निवासी मेन मार्केट, किरीबुरू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद चोरी के सामान की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में 29 अक्टूबर को पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें नरेश लागुरी (28), निवासी मेघाहातुबुरू क्वार्टर नंबर 4/7, स्थायी पता सिलदौरी तथा चंद्रमोहन तांती उर्फ डोंडे (23) और लेबया लागुरी उर्फ कृष्णा (20), दोनों निवासी लेम्पाहेस्सा, थाना जेटेया शामिल हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जनशिकायत निवारण दिवस में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और कार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप, वनप्लस 9-5G मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नकद बरामद किए। साथ ही चोरी में प्रयुक्त जेएच-05-एजी-1128 नंबर की कार को भी जब्त किया गया है। इस कार्रवाई में किरीबुरू एसडीपीओ विनीत कुमार किंडो, पुलिस निरीक्षक समीर तिर्की, थाना प्रभारी रोहित कुमार, अनुसंधानकर्ता जितेंद्र कुमार, रंजीत कुमार मुंडा समेत किरीबुरू थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के उद्भेदन के साथ मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव हो सकी है।






















