- 24 और 25 जुलाई को कोल्हान-संताल परगना में ऑरेंज अलर्ट, रांची समेत 13 जिलों में येलो अलर्ट घोषित
- अगले 5 दिन रहें सावधान, खेतों और खुले इलाकों से बचें – मौसम विभाग की चेतावनी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। 24 जुलाई से राज्य में कमजोर मानसून सक्रिय हो जाएगा, जिससे अगले पांच दिनों तक झारखंड के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 24 और 25 जुलाई के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। कोल्हान और संताल परगना क्षेत्र के पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, जामताड़ा, दुमका और देवघर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची, लोहरदगा, लातेहार, सिमडेगा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, रामगढ़, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, खूंटी और धनबाद में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : सरायकेला में हाथियों की मौत बनी विकास की कीमत, उजड़ते जंगल और उठते सवाल
तेज हवा और वज्रपात का खतरा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने बताया कि आंध्र प्रदेश और ओड़िशा के तटवर्ती इलाकों के ऊपर बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब सक्रिय होता जा रहा है। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग में निम्न दबाव क्षेत्र बनने का अनुमान है, जो आने वाले दिनों में झारखंड की ओर बढ़ सकता है। इसके कारण राज्य में कहीं-कहीं तेज बारिश, आंधी और वज्रपात की संभावना है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है—रांची का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सरायकेला में यह 36.7 डिग्री रहा, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक रहा।
इसे भी पढ़ें : Bihar : विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट से हटेंगे 51 लाख नाम, मतदाता रहें सतर्क
निम्न दबाव के कारण झारखंड में भारी बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि आने वाले 24 घंटों में मानसून राज्य में पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। इस कारण 27 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम से जुड़ी चेतावनियों पर नजर रखें, खुले स्थानों पर वज्रपात के समय न रहें और खेतों या ऊंचे पेड़ों के नीचे पनाह न लें।