जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा प्रखंड के मुराकाठी गाँव निवासी मजहो राम सोरेन और उनका तीन वर्षीय पुत्र संजय सोरेन कुछ दिन पूर्व माहुली चौक के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. दोनों को तत्काल कटक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है. घटना के बाद से परिवार पर दुख और आर्थिक संकट का पहाड़ टूट पड़ा है.
ऐसे कठिन समय में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केन्द्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी शनिवार को पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुँचे. उन्होंने परिवार के हालचाल लिए और आर्थिक सहायता प्रदान की. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी और सरकार की ओर से हर संभव मदद मुहैया कराई जाएगी, ताकि इलाज और देखभाल में किसी तरह की परेशानी न आए.
कुणाल षाडंगी ने कहा कि झामुमो हमेशा आम जनता के सुख-दुख में खड़ा रहा है और रहेगा. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि गंभीर रूप से घायल मजहो राम सोरेन और उनके छोटे पुत्र के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
ग्रामीणों का कहना है कि परिवार को सरकारी स्तर से भी मदद मिलनी चाहिए, ताकि इलाज का पूरा खर्च आसानी से पूरा हो सके. घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और लोग बड़ी संख्या में परिवार के समर्थन में आगे आ रहे हैं.
इस मौके पर बहरागोड़ा के पूर्व प्रमुख शास्त्री हेम्ब्रम, दीपक बारिक, छोटन गिरी, रवि गिरी, साहाय महाकुड, विकास बारिक, शिर्मत मुर्मू, दुबई सोरेन एवं गरले सोरेन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवार को सहयोग का भरोसा दिलाया और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की.
























