- सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर चला अभियान, 1200 किलो जावा महुआ किया गया विनष्ट
जेबी लाइव, रिपोर्टर
सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर 6 अक्टूबर 2025 को उत्पाद विभाग की टीम ने बोड़ाम थाना क्षेत्र के डांगर नाला इलाके में अवैध चुलाई शराब भट्टियों के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई निरीक्षक उत्पाद रामदास भगत के नेतृत्व और पर्यवेक्षण में की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने जंगल क्षेत्र में संचालित तीन अवैध चुलाई भट्टियों को नष्ट कर दिया। मौके से लगभग 1200 किलोग्राम अवैध जावा महुआ को भी नष्ट किया गया, जो शराब निर्माण में प्रयुक्त होता था। साथ ही, 32 लीटर तैयार चुलाई शराब को जब्त किया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह क्षेत्र लंबे समय से अवैध शराब निर्माण का केंद्र बना हुआ था, जहां महुआ से चुलाई तैयार की जाती थी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : घर के लोहे के दरवाजे में करंट लगने से महिला की मौत, बहरागोड़ा में मचा मातम
भट्टी संचालकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस छापेमारी दल में अवर निरीक्षक मो. गुफरान, जिला पुलिस बल और गृह रक्षक शामिल थे। पूरी कार्रवाई योजनाबद्ध तरीके से की गई, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। विभाग ने जनता से अपील की है कि अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना तुरंत उत्पाद विभाग या पुलिस को दें, ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

























