- राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार जमशेदपुर दौरे पर आएंगी महामहिम
- दिशोम जाहेर परिसर का प्रशासन ने किया निरीक्षण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर के लिए 29 दिसंबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने कार्यकाल में पहली बार जमशेदपुर के दौरे पर आ रही हैं। राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में उपायुक्त समेत तमाम वरीय पदाधिकारियों ने करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा, मंच, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : आदित्यपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर अपराधी गिरफ्तार
दो बड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगी राष्ट्रपति
29 दिसंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर में दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगी। सुबह करनडीह स्थित दिशोम जाहेर परिसर में ओल चिकी लिपि के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेमिनार के समापन समारोह में वह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में भी राष्ट्रपति शामिल होंगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि राष्ट्रपति के दौरे को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।
























