- नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस से हुआ दर्दनाक हादसा, मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन
- सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की प्रशासन से मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर से शिक्षकों एवं छात्रों को लेकर जा रही नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस से सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 7:30 बजे हाता चौक पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक को साइकिल सहित लगभग 20 फीट तक घसीटा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूल बस गंगाडीह स्थित विद्यालय परिसर से निकलकर हाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान जुड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय परिमल गोप साइकिल से मजदूरी करने हांसल की ओर जा रहे थे, तभी हाता चौक पर बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : एमजीएम थाना क्षेत्र में सनसनीखेज चोरी, साईं कॉम्प्लेक्स के फ्लैट से साढ़े तीन लाख नकद उड़ाए
तेज रफ्तार बनी जानलेवा, हाता चौक पर दर्दनाक हादसा

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर पोटका पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। परिजनों का कहना था कि परिमल गोप परिवार के इकलौते कमाने वाले थे और उनके ऊपर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। उनका एक 14 वर्षीय बेटा है, जिसकी पढ़ाई और परवरिश अब मुश्किल में पड़ गई है। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से उचित मुआवजा और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। इस दौरान मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : मानगो थाना परिसर में दो पक्षों की भिड़ंत, पुलिस के सामने ही मची अफरा-तफरी
मुआवजे की मांग पर अड़े परिजन, शव उठाने से रोका
घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस को जब्त कर लिया है और बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने हाता चौक पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
























