- थाना परिसर में तोड़फोड़ और पुलिस से झड़प के बाद सात आरोपी गिरफ्तार, जांच तेज
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मानगो थाना परिसर में रविवार देर रात हुए हंगामा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए सोमवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 13 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। यह एफआईआर मानगो थाने में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार के आवेदन पर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। आरोपियों पर गाली-गलौज, जान से मारने की नीयत से हमला करने, लाइसेंसी हथियार लहराने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
इसे भी पढ़ें : Potka : हाता चौक पर स्कूल बस की चपेट में साइकिल सवार की मौत, इलाके में मचा हड़कंप
थाना परिसर में हंगामा, पुलिस पर भी हमला
प्राथमिकी में जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें रहमत सईद खान उर्फ हन्ने, उनके भाई जाकिर खान, हन्ने के बेटे अराफ सईद खान, जाकिर के बेटे शाद सईद खान, अबूजर खान, असलम सईद खान, शाहिद उर्फ छोटा कुबड़ा, आजाद नगर रोड नंबर 17 निवासी औरंगजेब, सिम्स अस्पताल के स्टाफ शाहिद अकबर, इम्तियाज अहमद, दया अस्पताल संचालक मुमताज के बेटे श्यान अहमद, आजाद नगर रोड नंबर 12 निवासी शहनवाज हुसैन और युनुस हुसैन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, दया अस्पताल के संचालक मुमताज के बेटों और सिम्स अस्पताल संचालक रहमत सईद खान के बेटे के बीच पुराना विवाद चला आ रहा है, जो इस घटना के दौरान हिंसक रूप में सामने आया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
























