- NH-49 पर रॉन्ग साइड से आए वाहन ने मचाया कहर, चालक मौके से फरार
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : सोमवार सुबह नेशनल हाईवे-49 पर ‘भाई-भाई होटल’ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात टाटा मैजिक वाहन ने स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय वैन बच्चों को लेकर रामकृष्ण विवेकानंद इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार कक्षा 4 का छात्र गोबर्धन सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
इसे भी पढ़ें : Potka : जुए के अड्डे पर कोवाली पुलिस का छापा, बाइक व नकदी जब्त
NH-49 पर बढ़ते सड़क हादसे बने चिंता का विषय
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा मैजिक वाहन सर्विस रोड पर गलत दिशा से आ रहा था और तेज गति में होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान उसने स्कूल वैन को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद टाटा मैजिक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तत्काल बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के बारीपदा रेफर कर दिया। फिलहाल छात्र का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : गोविंदपुर के कृष्णानगर मंदिर के पास फायरिंग से दहशत, एक युवक घायल
हिट एंड रन मामलों में पुलिस की चुनौती
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि सर्विस रोड पर बड़े वाहनों का अवैध और अनियंत्रित तरीके से खड़ा होना आम बात हो गई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही सर्विस रोड निर्माण के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी के कारण वाहनों का गलत दिशा से आवागमन बढ़ गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सर्विस रोड पर खड़े भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में बच्चों और आम लोगों की जान जोखिम में न पड़े।
























