- विधायक समीर महंती ने किया केंद्र का शुभारंभ, बिचौलियों से मिलेगी राहत
- समर्थन मूल्य से मजबूत होगी किसानों की आर्थिक स्थिति
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र के किसानों के लिए सोमवार का दिन राहत और उम्मीद लेकर आया। प्रखंड अंतर्गत लैम्पस परिसर में धान अधिप्राप्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। स्थानीय विधायक समीर महंती ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि धान अधिप्राप्ति केंद्र शुरू होने से अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। सरकार की मंशा है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। केंद्र खुलने से किसानों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि उनकी आमदनी में भी सीधा लाभ होगा।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : स्कूल वैन को टाटा मैजिक ने मारी टक्कर, चौथी कक्षा का छात्र गंभीर
किसानों के हित में सरकार के नए कदम

उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक समीर महंती ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसानों द्वारा बेचे गए धान का भुगतान 48 घंटे के भीतर उनके बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि तौल प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी भी किसान को तकनीकी या व्यावहारिक कठिनाई न हो। विधायक ने बताया कि इस वर्ष सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य किसानों के हित में आकर्षक रखा गया है, जिसमें साधारण धान ₹2400 प्रति क्विंटल और उत्तम किस्म का धान ₹2450 प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। इस मौके पर बीडीओ केशव भारती, सीओ राजा राम मुंडा, प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, उप प्रमुख मुन्ना होता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
























