- बिजली, पानी, सड़क और साफ-सफाई जैसी नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर दिया जोर
- महाप्रबंधक ने समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया आश्वासन
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक आर के सिंह से उनके कार्यालय में भेंट कर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर विधानसभा अंतर्गत सातों मंडलों के भाजपा अध्यक्ष भी मौजूद रहे। वार्ता में विधायक पूर्णिमा साहू ने क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क और साफ-सफाई जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता है और इसके लिए संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और निगरानी अत्यंत जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : अमेरिका की दादागिरी ने दुनिया को परमाणु संकट के करीब ला दिया – जे पी पांडेय
विधायक ने जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर बल दिया
इस दौरान विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों ने अपने-अपने मंडल क्षेत्र में टाटा कमांड एरिया से जुड़ी समस्याओं पर मांगपत्र सौंपा। टाटा स्टील यूआईएसएल के महाप्रबंधक आर के सिंह ने अधिकारियों के साथ सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाने के लिए टाटा स्टील यूआईएसएल लगातार कार्यरत रहेगा। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, मंडल अध्यक्ष युवराज सिंह, रंजीत सिंह, विकास शर्मा, रितेश झा, कुमार अभिषेक, बापन बनर्जी एवं अशोक सामंत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
























