- रक्तदान से जीवन बचाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए होगा विशेष अभियान
- स्वपन महतो की संस्था द्वारा रक्तदाताओं को मिलेगा सम्मान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : बालिगुमा सुखना बस्ती में 25 जनवरी 2026 को एकदिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके पहले बालिगुमा सोरेन परिसर में एक तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता राखाल सोरेन ने की। बैठक में राखाल सोरेन ने बताया कि इस शिविर में 500 यूनिट रक्त संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार रक्त की आवश्यकता वाले गंभीर मामले सामने आते रहते हैं, जिनमें समय पर रक्त उपलब्ध कराना बहुत महत्वपूर्ण है। शिविर का उद्देश्य न केवल जरूरतमंद मरीजों की मदद करना है, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : साकची गुरुद्वारा में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के नगर कीर्तन का भव्य स्वागत, संगत हुई भाव-विभोर
बालिगुमा में 500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य
राखाल सोरेन ने रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान से शरीर में नए रक्त कण बनते हैं, हृदय रोग का खतरा कम होता है, आयरन का संतुलन बना रहता है और रक्त संचार बेहतर होता है। इसके अलावा समय पर गंभीर बीमारियों की जांच भी हो जाती है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करें।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विधायक पूर्णिमा साहू ने टाटा स्टील यूआईएसएल महाप्रबंधक से की बैठक, क्षेत्रीय जनसमस्याओं पर चर्चा
रक्तदान से स्वास्थ्य और जीवन दोनों में लाभ
बैठक में दीपक रंजीत ने बताया कि रक्तदान करने वाले प्रत्येक रक्तदाता को झारखंड के “ब्लड मैन” स्वपन महतो की संस्था की ओर से प्रोत्साहन स्वरूप हेलमेट या कंबल प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करने और समाज में रक्तदान को एक आंदोलन बनाने की दिशा में एक छोटा प्रयास है। शिविर सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा और आयोजकों ने सभी लोगों से समय पर पहुंचकर इस मानवीय कार्य को सफल बनाने की अपील की।
























