- श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और पवित्र पदचिह्न पर पूजा-अर्चना की
- मकर संक्रांति मेले में आस्था और उल्लास का संगम
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : सारंडा वन क्षेत्र के गंगदा पंचायत अंतर्गत बोंगा मांडा स्थल पर मकर संक्रांति के अवसर पर दो दिवसीय भव्य मेला आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने कारो नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। बोंगा मांडा पत्थर, जिस पर लाल रंग के पवित्र पदचिह्न अंकित हैं, को लेकर विशेष धार्मिक मान्यता है। श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और महावीर हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर महावीर हनुमान जी का श्रीराम ध्वज ऊंचे पहाड़ और चट्टानों पर स्थापित किया गया, जिसके लिए लगभग डेढ़ घंटे की कठिन पहाड़ी चढ़ाई करनी पड़ी। श्रद्धालुओं ने पवित्र पदचिह्न पर प्रसाद अर्पित कर अपने परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : शास्त्रीय संगीत और गज़लों के सम्राट त्रिलोचन सिंह तराना को मनीफेट गुरुद्वारा में अंतिम श्रद्धांजलि
बोंगा मांडा में मकर संक्रांति पर आस्था का उत्सव
मेले में गुवा, ठाकुरा, रोवाम, घाटकुरी और गंगदा सहित आसपास के क्षेत्रों के साथ दूर-दराज के श्रद्धालु भी शामिल हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना। पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में पुजारी रोया तुमुई, उनातू जोगी तुमुई, सोमा सुरीन, सागर तुमुई और जेना सुरीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गंगा सिद्धू की ओर से सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप गुड़, चूड़ा और तिलकुट का वितरण किया गया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। इस आयोजन ने स्थानीय संस्कृति, आस्था और परंपरा को जीवित रखने में अहम भूमिका निभाई।
























