- सालदोहा गांव में कई दिनों से हाथी का उत्पात, फसलें बर्बाद
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरा पंचायत अंतर्गत सालदोहा गांव में पिछले कई दिनों से एक जंगली हाथी का उत्पात लगातार जारी है। हाथी बेखौफ होकर गांव और आसपास के इलाकों में घूम रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। हाथी जहां भी घुस रहा है, वहां लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने को मजबूर हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार हाथी ने कई किसानों के खेतों में लगी सब्जियों की फसलों को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। बुधवार की रात हाथी पाथरा जंगल से निकलकर सालदोहा बस्ती में घुस आया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
जंगली जानवरों से ग्रामीण इलाकों में बढ़ता खतरा
बताया गया कि सालदोहा बस्ती में घुसने के बाद हाथी अचानक मानुषमुड़िया मुख्य पथ पर आ धमका, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी बाधित हो गया। ग्रामीणों की सतर्कता और काफी मशक्कत के बाद हाथी को वापस पाथरा जंगल की ओर खदेड़ा गया, लेकिन लोगों की चिंता अभी भी कम नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी कभी भी दोबारा गांव में घुस सकता है। हाथी के डर से शाम ढलते ही क्षेत्र में लोगों की आवाजाही बंद हो जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथी को सुरक्षित तरीके से क्षेत्र से बाहर निकालने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे हाथी के नजदीक न जाएं और उससे किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें, ताकि किसी तरह की जान-माल की हानि न हो।
























