- बहरागोड़ा में अनियंत्रित कार बनी हादसे का कारण, युवक की हालत नाजुक
- तेज रफ्तार और लापरवाही बनी सड़क हादसों की बड़ी वजह
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 49 (NH-49) पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, जगन्नाथपुर निवासी कार्तिक बागाल बाइक से बाजार की ओर जा रहे थे, तभी गौरी होटल के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार्तिक बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : जमशेदपुर में NCBE छात्रों का शैक्षणिक भ्रमण, उच्च शिक्षा से कराया गया परिचय
स्थानीय लोगों की तत्परता से अस्पताल पहुंचाया गया घायल युवक
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे बारीपदा रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है।


























