पैतृक गांव कोषाफलिया में नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, देशभक्ति के नारों से गूंजा इलाका
जेबी लाइव, रिपोर्टर
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के कोषाफलिया गांव में मंगलवार को गलवान घाटी के अमर शहीद गणेश हांसदा का छठा शहादत दिवस अत्यंत श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। वर्ष 2020 में भारत-चीन सीमा पर स्थित गलवान घाटी में मातृभूमि की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए गणेश हांसदा को याद करते हुए क्षेत्रवासियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बांसदा चौक स्थित शहीद की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। वहीं उनके पैतृक आवास पर विशेष पूजा-अर्चना एवं प्रार्थना सभा का आयोजन कर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। कार्यक्रम के दौरान “शहीद गणेश हांसदा अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों के सदस्य उपस्थित होकर वीर सपूत के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते नजर आए।
इसे भी पढ़ें : Potka : मुक्तेश्वर धाम मेले में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था, शाह स्पंज की सराहनीय पहल
शहीद का बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणा, बोले आदित्य प्रधान
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए झामुमो के वरिष्ठ नेता आदित्य प्रधान ने कहा कि शहीद गणेश हांसदा का सर्वोच्च बलिदान केवल बहरागोड़ा या झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए दिया गया उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में शहीद के माता-पिता सुबदा हांसदा एवं कापरा हांसदा, बड़े भाई दिनेश हांसदा, बीडीओ केशव भारती, सीओ राजाराम मुंडा, संपूर्ण मानवता कल्याण संघ के अध्यक्ष डॉ. संजय गिरी, भूतपूर्व सैनिक मो. जावेद, मुखिया पानसरी हांसदा, समाजसेवी ललित मांडी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने वीर जवान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
























