मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर दिया गया जोर
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के पालन की अपील
जेबी लाइव, रिपोर्टर
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड अंतर्गत घाटशिला पंचायत स्थित बोर्ड मध्य विद्यालय परिसर में मंगलवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत BLO एवं BLA-2 की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संचालित करना तथा इससे जुड़े सभी पक्षों को इसकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देना था। बैठक में 30 जून 2026 से प्रारंभ हुए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLA-2, चुनाव पाठशाला के सदस्य, सामान्य मतदाता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा पिछले चुनावों के निर्वाचन अभिकर्ता एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रतिभागियों को मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने तथा त्रुटियों के सुधार की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : फूलपाल क्रॉसिंग में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया सिद्धू-कान्हू शहीद दिवस
पात्र मतदाताओं के शत-प्रतिशत पंजीकरण पर रहा विशेष जोर
बैठक में पर्यवेक्षक शेख अब्दुल सामद एवं अनीता सामद के अलावा BLO बिंदु चौधरी, रूबी मोदक, शाहजहां परवीन, भारती ओझा, काजल चौधरी, मीता मिश्रा, ममता दे एवं अरुणा दे मौजूद रहीं। वहीं झामुमो पंचायत अध्यक्ष सुब्रतो दे, सोमेन मिश्रा, लाल मोहन सिंहदेव, मोहन नमाता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने पर बल देते हुए सभी BLO एवं BLA-2 से मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने की अपील की गई। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उपस्थित लोगों ने SIR-2026 अभियान को सफल बनाने और मतदाता जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया।


























