लोडेड देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद, संगठित नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
संगठित हथियार नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जुगसलाई क्षेत्र में सक्रिय एक अवैध हथियार सप्लाई गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाहिद हुसैन उर्फ विक्की (25) और मो. रेहान हुसैन (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक लोडेड देशी पिस्टल, एक 7.65 एमएम का जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व तथा पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) की निगरानी में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जुगसलाई स्थित गरीब नवाज कॉलोनी के समीप रेलवे पुल के नीचे छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : 5 जून को यूसिल प्रबंधन से जवाब मांगेगी तुरामडीह ग्राम सभा, नहीं मिला समाधान तो होगा आंदोलन
गुप्त सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अवैध हथियार कारोबार से जुड़े होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर नदी किनारे रेलवे पुल के नीचे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इस मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur : विश्व पर्यावरण दिवस पर पप्पू सरदार ने बांटे 400 फलदार पौधे, “एक पेड़ मां-बहन के नाम” अभियान को मिला समर्थन
झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था हथियार और कारतूस
पूछताछ में मुख्य आरोपी जाहिद हुसैन उर्फ विक्की ने खुलासा किया कि अवैध हथियार सप्लायर एक देशी पिस्टल के बदले 40 हजार से 60 हजार रुपये तक वसूलते हैं। उसने बताया कि वह हथियार सप्लायरों और अपराधी प्रवृत्ति के खरीदारों के बीच बिचौलिए की भूमिका निभाता था। पुलिस के अनुसार यह मामला एक संगठित हथियार सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। गौरतलब है कि जाहिद हुसैन के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लायरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
























