अधिकार, सम्मान और एकता के संदेश के साथ सड़कों पर उतरे मजदूर
वक्ताओं ने सुरक्षित कार्य वातावरण और उचित मजदूरी पर दिया जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आदिवासी मूलवासी अधिकार न्याय संघ एवं पूर्व प्रत्याशी चंद्राय महाली के संयुक्त तत्वावधान में श्रमिकों ने उत्साह और एकजुटता के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत पोटका चौक से हुई, जहां बड़ी संख्या में मजदूर भाई-बहनों ने भाग लिया। यहां से हाता चौक तक पदयात्रा निकाली गई, जिसमें श्रमिकों ने अपने अधिकार, सम्मान और एकता का संदेश दिया। हाता चौक पहुंचकर महान जननायक बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद पदयात्रा कृष्णा होटल तक जारी रही, जहां कार्यक्रम का अगला चरण संपन्न हुआ।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला के फुलपाल गांव में एक ही रात में 7 गायों की चोरी, ग्रामीणों में दहशत
श्रमिकों ने उठाई अधिकारों की आवाज
पदयात्रा के दौरान श्रमिकों ने एकता और अपने हकों से जुड़े नारों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ होते हैं और उनके बिना विकास अधूरा है। उन्होंने श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, उचित मजदूरी, सुरक्षित कार्य वातावरण और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रमिकों के बीच मिठाई बांटकर मजदूर दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय श्रमिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


























