- किसान रैली के बाद जनसभा में गूंजे एकता और संघर्ष के स्वर
- सदस्यता अभियान से गांव-गांव संगठन विस्तार की तैयारी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मुरी : मुरी क्षेत्र के दलाली में 8वें राज्य सम्मेलन के अवसर पर शहीद सुभाष मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक ढावले ने किया। इससे पूर्व नगड़ी में किसान रैली निकाली गई, जिसके बाद विशाल जनसभा आयोजित हुई। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. ढावले ने कहा कि 1947 से अब तक संगठन देशभर में किसानों के संघर्षों का नेतृत्व करता आया है। उन्होंने कहा कि शहीद बिरसा के संघर्षों की विरासत को आगे बढ़ाते हुए झारखंड राज्य किसान सभा जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा पर कॉरपोरेट कब्जे के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्नदाता किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है, जिसे किसान सभा एकजुटता के बल पर विफल करेगी।
इसे भी पढ़ें : Muri : तीन पीढ़ियों का इंतजार खत्म, श्रमदान से राहे मुंडा टोली में बनी सड़क
एकता के बल पर किसान आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान
सभा में स्वागत समिति के अध्यक्ष सुरेश मुंडा, महासचिव सुरजीत सिन्हा, राज्य अध्यक्ष सुफल महतो, राज्य कौंसिल सदस्य मदुवा कच्छप, उपाध्यक्ष प्रफुल्ल लिंडा, शंकर उरांव, कृति सिंह मुंडा, ललित मुंडा, कपिल महतो, बुधराम उरांव, एहतेशाम अहमद, उमेश मुंडा और छोटन देवी समेत कई नेताओं ने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि संगठन आदिवासी-गैर आदिवासी, मुंडा-महतो सहित सभी समुदायों को साथ लेकर झारखंड को किसान आंदोलन का गढ़ बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। डॉ. ढावले ने बताया कि अखिल भारतीय किसान सभा देश का सबसे बड़ा किसान संगठन है, जिसके 1 करोड़ 53 लाख सदस्य हैं। उन्होंने गांव-गांव किसान सभा का विस्तार कर व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का आह्वान किया। सभा की अध्यक्षता सुरेश मुंडा ने की, जबकि संचालन मदुवा कच्छप ने किया।























