- पोटका की बेटी ने सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में चयन पाकर बढ़ाया क्षेत्र का मान
- डॉक्टर बनकर समाज सेवा का सपना संजोए आगे बढ़ रही पार्वती
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका के कोवाली क्षेत्र की रहने वाली एक गरीब किसान परिवार की बेटी पार्वती बास्के ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह साबित कर दिया कि सफलता संसाधनों की मोहताज नहीं होती। पार्वती का चयन CM School of Excellence में मेरिट के आधार पर हुआ है, जहां वर्ग सप्तम के लिए मात्र एक सीट उपलब्ध थी। इस कठिन प्रतिस्पर्धा में पार्वती ने सभी को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उसकी सफलता के पीछे उसके शिक्षकों का अहम योगदान रहा। शिक्षक आशित मंडल और सरोज सीट के अनुसार, पार्वती शुरू से ही पढ़ाई के प्रति समर्पित, अनुशासित और परिश्रमी छात्रा रही है। उसकी लगन और नियमित अभ्यास ने ही उसे इस मुकाम तक पहुंचाया।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : NH-49 पर दर्दनाक सड़क हादसा, कार की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल
शिक्षकों के मार्गदर्शन और मेहनत ने बदली पार्वती की किस्मत
पार्वती की सफलता में Pioneer English School का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्कूल के निदेशक विकास कुमार भकत ने बताया कि उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब बच्चों को नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। पार्वती की उपलब्धि इसी प्रयास का परिणाम है, जो अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी। पार्वती के पिता वासुदेव बास्के और माता जोबा बास्के ने खुशी जाहिर करते हुए विद्यालय और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी बेटी ने मेहनत के बल पर यह सफलता पाई है। वहीं पार्वती ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों को देते हुए कहा कि उसे हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। उसका सपना है कि वह भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करे और जरूरतमंदों की मदद करे।























