- ग्रामीणों की सूचना पर कोवाली थाना ने की त्वरित कार्रवाई
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कोवाली थाना पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खराईघुटु इलाके से 80 सीएफटी बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया। जानकारी के मुताबिक, ग्रामीणों ने इलाके में बिना चालान के बालू ढुलाई की सूचना पुलिस को दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को रोककर जांच की। जांच के दौरान चालक वैध कागजात प्रस्तुत करने में असफल रहा, जिसके बाद वाहन को तत्काल जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : नक्सल प्रभावित सारंडा में पुलिस की मानवता, भटकी महिला को परिवार से मिलाया
खनन विभाग को भेजी गई रिपोर्ट, आगे होगी सख्त कार्रवाई
थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने बताया कि जब्त किए गए ट्रैक्टर के संबंध में जिला खनन पदाधिकारी को लिखित सूचना भेज दी गई है, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना चालान के खनिज परिवहन पूरी तरह गैरकानूनी है और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि सरकारी राजस्व की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।


























