चुहाड़ विद्रोह के महानायक को नमन, समाज को संगठित करने पर जोर
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका क्षेत्र में चुहाड़ विद्रोह के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की 236वीं जयंती आदिम भूमिज-मुंडा समाज कल्याण समिति जुड़ी प्रांगण में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अतिथियों एवं समाज के लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उनके अद्वितीय साहस, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि गंगा नारायण सिंह का जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने लोगों से उनके आदर्शों और पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया। समारोह में पूर्व विधायक मेनका सरदार, सांसद प्रतिनिधि उपेंद्रनाथ सरदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने उनके योगदान को समाज के लिए अमूल्य बताया।
इसे भी पढ़ें : Potka : हाता में गूंजा हरिनाम, अखंड संकीर्तन से भक्ति में डूबा पूरा क्षेत्र
सामाजिक जागरूकता पर होगा मंथन, अहम मुद्दों पर बनेगी रणनीति
कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस प्रस्तावित सम्मेलन में जन-जागरूकता, पेसा कानून, भूमि विद्रोह में भूमिज समाज के योगदान और सामाजिक कुरीतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। वक्ताओं ने कहा कि समाज को संगठित और सशक्त बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करना समय की आवश्यकता है। इस दौरान समाज के विभिन्न प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और एकजुट होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही, जिससे समाज में एकता और जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।

























