मजदूर दिवस पर कोल्हान से जुटेंगे हजारों श्रमिक, सरकार से रखी जाएंगी अहम मांगें
जेबी लाइव, रिपोर्टर
जमशेदपुर : झारखंड श्रमिक संघ (झामुमो) एवं अन्य श्रमिक संगठनों द्वारा संयुक्त रूप से 1 मई 2026 को मजदूर दिवस के अवसर पर जमशेदपुर के साकची स्थित आमबगान मैदान में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में झारखंड श्रमिक संघ झामुमो के केंद्रीय संयुक्त महासचिव शैलेन्द्र कुमार मैथी ने सोमवार को झामुमो संपर्क कार्यालय साकची में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस दिन “मजदूर उलगुलान” का शंखनाद किया जाएगा, जिसमें पूरे कोल्हान क्षेत्र के तीनों जिलों से हजारों मजदूर पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन मौजूद रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा दौरे पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, बेरोजगारी और मजदूरों के मुद्दों पर जताई चिंता
मजदूर दिवस पर बड़े आंदोलन की तैयारी, संगठनों में उत्साह
प्रेसवार्ता में बताया गया कि सुबह 9 बजे से मजदूर आमबगान मैदान में एकत्र होंगे, जहां सबसे पहले नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर विधायक सोमेश सोरेन के नेतृत्व में श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद विशाल रैली निकाली जाएगी, जो साकची गोलचक्कर, बसंत टॉकीज होते हुए जेएनएसी कार्यालय तक पहुंचेगी और पुनः आमबगान मैदान लौटकर जनसभा में परिवर्तित होगी। इस दौरान विभिन्न वक्ता मजदूर हितों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम के अंत में मजदूरों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर एक मजबूत संदेश देने का दावा किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Gua : टेकअप प्वाइंट पर रेलवे निर्माण से जगी उम्मीद, सारंडा के ग्रामीणों को राहत की आस
साकची में मजदूरों की बड़ी रैली, शहर में दिखेगा शक्ति प्रदर्शन
इस मजदूर सम्मेलन में सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखी जाएंगी। इनमें प्रमुख रूप से नये औद्योगिक कानून में संशोधन, 18,000 रुपये से अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों की स्थिति स्पष्ट करने, और पुराने श्रम कानूनों को बहाल करने की मांग शामिल है। साथ ही ESIसी की सीमा 21,000 रुपये की सीमा समाप्त करने, ठेका मजदूरों के बोनस को मुख्य नियोजक के लाभ-हानि से जोड़ने, और स्थायी कार्यों में ठेका मजदूरों के उपयोग को दंडनीय अपराध घोषित करने की मांग भी उठाई जाएगी। इसके अलावा झारखंड में रोजगार प्रक्रिया को लेकर विशेष कानून बनाने और राज्य में स्थापित उद्योगों के प्रधान कार्यालय झारखंड में अनिवार्य रूप से स्थापित करने की मांग रखी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Potka : पोटका में सेचेन करुणा क्लिनिक पर विधायक का छापा, अनियमितताओं का खुलासा
श्रमिक संगठनों ने रखी नई श्रम नीति की मांग, बढ़ा दबाव
प्रेसवार्ता में शैलेन्द्र कुमार मैथी के साथ झारखंड वर्कर्स यूनियन के नेता ओम प्रकाश सिंह, नरसिंह राव, रमेश मुखी, प्रफुल्ल सिंह मुंडा, खुदीराम सिंह मुंडा, मोहम्मद शामद अंसारी, बाली मार्डी, उज्ज्वल दास सहित कई श्रमिक नेता उपस्थित थे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए यह आंदोलन निर्णायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपने अधिकारों को पुनः प्राप्त करने का संकल्प दिवस होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है और कोल्हान क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया गया है।






















