आर्थिक संकट के बीच जयश्री गोप का कस्तूरबा विद्यालय में हुआ नामांकन
जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद के लिए आगे आ रहे समाजसेवी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
पोटका : पोटका प्रखंड के कुलडीह पंचायत अंतर्गत दुड़कू गांव की मेधावी छात्रा जयश्री गोप को पूर्व जिला पार्षद करुणा मय मंडल के प्रयास से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पोटका में इंटर कला संकाय में नामांकन मिल गया। जयश्री ने मैट्रिक परीक्षा में 77.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है। लेकिन पिता स्वर्गीय दशरथ गोप के वर्ष 2025 में असामयिक निधन के बाद परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। परिवार की जिम्मेदारी 68 वर्षीय दादा भरत गोप पर आ गई, जो मजदूरी कर किसी तरह घर का भरण-पोषण कर रहे हैं। आर्थिक तंगी के कारण जयश्री की आगे की पढ़ाई बाधित होने की स्थिति में पहुंच गई थी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान, विधायक समीर मोहंती ने बढ़ाया उत्साह
जिला स्तर पर पहल के बाद छात्रा को मिला नामांकन
परिवार की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद पूर्व जिला पार्षद करुणा मय मंडल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी पूर्वी सिंहभूम से मुलाकात कर छात्रा के नामांकन की मांग उठाई। जिला स्तर पर पहल होने के बाद मंगलवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पोटका में जयश्री गोप का नामांकन पूरा कराया गया। नामांकन होने के बाद छात्रा और उसके परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार के सदस्यों ने करुणा मय मंडल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से जयश्री की शिक्षा का सपना टूटने से बच गया। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया।


























