पांच दिनों से नहीं मिला कोई सुराग, गांव में चिंता और भय का माहौल
लापता बच्चों की तलाश में जुटी पुलिस और ग्रामीण
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा थाना क्षेत्र के ठाकुरा गांव निवासी सुकरा चाम्पिया का 13 वर्षीय पुत्र दर्शना चाम्पिया बीते 15 मई से लापता है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने बताया कि दर्शना 15 मई की दोपहर गुवासाई स्कूल से पढ़ाई कर घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसने खाना खाया और फिर अपने दो दोस्तों के साथ खेलने के लिए बाहर निकला। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार वालों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। गांव और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, साथ ही रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी पता किया गया, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसे भी पढ़ें : Jhargram : झाड़ग्राम पैलेस को राष्ट्रीय मंच पर मिली नई पहचान, विक्रमादित्य मल्लादेव बने हेरिटेज सम्मेलन के विशिष्ट पैनलिस्ट
बच्चों के अचानक लापता होने से गांव में बढ़ी चिंता
परिजनों के अनुसार दर्शना के साथ खेलने गए उसके दोनों दोस्त भी उसी दिन से गायब हैं। तीनों बच्चों के एक साथ लापता होने से पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने गुवा थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में बच्चों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी बच्चों की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों को जल्द खोज निकालने और मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।
























