जेएलकेएम नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई
मासूम बच्ची की बरामदगी तक संघर्ष जारी रखने का ऐलान
जेबी लाइव, रिपोर्टर
राँची : 18 माह की मासूम अदिति पांडे की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर मंगलवार को सदर थाना, राँची के समक्ष शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों ने भाग लेकर बच्ची की सुरक्षित वापसी और त्वरित न्याय की मांग उठाई। इस दौरान देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार को एसएसपी राकेश रंजन के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में अदिति की मां अंकिता पांडे और पिता मनीष पांडे भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची की जल्द बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की।
इसे भी पढ़ें : Gua : गुवा में 13 वर्षीय किशोर सहित तीन बच्चे लापता, परिजनों में मचा हड़कंप
अदिति पांडे की सुरक्षित वापसी को लेकर लोगों में बढ़ी चिंता

देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि पिछले 12 दिनों से 18 माह की मासूम बच्ची का लापता रहना अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि पूरे समाज और कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। प्रशासन को इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए तथा बच्ची की स्थिति स्पष्ट कर परिजनों को संतुष्ट करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बच्ची की सकुशल बरामदगी तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : सोनुवा के केड़ाबीर जंगल में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के बाद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अदिति पांडे की अविलंब बरामदगी, मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और नियमित मॉनिटरिंग की मांग की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि एक मासूम बच्ची की सुरक्षा पूरे समाज की जिम्मेदारी है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अंत में देवेन्द्र नाथ महतो ने आम जनता से इंसानियत और न्याय के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करने की अपील की, ताकि मासूम अदिति सुरक्षित अपने परिवार तक लौट सके।






















