इनामी नक्सली सालूका कायम के दस्ते से आमना-सामना, इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
केड़ाबीर जंगल में मुठभेड़ के बाद बढ़ी सुरक्षा चौकसी
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : सोनुवा प्रखंड के केड़ाबीर गांव स्थित जंगलों में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 10 बजे सुरक्षा बलों का सामना प्रतिबंधित नक्सली संगठन के 10 लाख रुपये के इनामी नक्सली सालूका कायम के दस्ते से हुआ, जिसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि हाल ही में कोल्हान क्षेत्र के रोटागुटु में एक लाख रुपये के इनामी नक्सली इसराईल पूर्ति उर्फ अमृत पूर्ति के मारे जाने के बाद से सालूका कायम का दस्ता कुदाबुरु और आसपास के इलाकों में सक्रिय था।
इसे भी पढ़ें : Manoharpur : आनंदपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध साल लकड़ी समेत ट्रैक्टर जब्त
कोल्हान क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर सुरक्षा बलों की नजर
खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया था। इसी दौरान मंगलवार सुबह केड़ाबीर गांव के जंगल में दोनों पक्षों का आमना-सामना हो गया। सूत्रों के अनुसार फायरिंग के दौरान नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि अब तक किसी नक्सली के मारे जाने या सुरक्षा बलों के घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
























