गुप्त सूचना पर छापेमारी, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार
पोड़ाहाट क्षेत्र में बढ़ रही अवैध लकड़ी कटाई की घटनाएं
जेबी लाइव, रिपोर्टर
मनोहरपुर : आनंदपुर प्रखंड के मेरमेंडा से गुड़ी जाने वाली मुख्य सड़क पर वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 हजार रुपये मूल्य की 10 पीस अवैध साल लकड़ी (बोटा) जब्त की है। इस दौरान लकड़ियों से लदे एक ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया। जानकारी के अनुसार तस्कर रात के अंधेरे में ट्रैक्टर के जरिए अवैध साल लकड़ियों की ढुलाई की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच आनंदपुर रेंज की वन विभाग टीम मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि छापेमारी के दौरान तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर वहां से फरार हो गए।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में जदयू की संगठनात्मक बैठक, स्वरित राज शुक्ला और पप्पू सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी
अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग की सख्ती तेज
वन विभाग ने जब्त ट्रैक्टर और लकड़ियों को अपने परिसर में सुरक्षित रख लिया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक सहित अन्य तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि पोड़ाहाट वन प्रमंडल क्षेत्र में लगातार अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। वहीं घटना गुरुवार रात की होने के बावजूद देर से सार्वजनिक किए जाने को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने वन संपदा की सुरक्षा के लिए वन विभाग से और अधिक सख्त तथा प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
























