गुवा थाना क्षेत्र के कुदापि गांव में दर्दनाक सड़क हादसे के बाद पसरा मातम
सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
जेबी लाइव, रिपोर्टर
गुवा : गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदापि गांव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज गति और लापरवाही से चल रही एक बोलेरो ने साइकिल सवार सोमा चोताम्बा (लगभग 50 वर्ष), पिता स्वर्गीय सारदा चोताम्बा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोमा चोताम्बा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया।
इसे भी पढ़ें : Ranchi : मासूम अदिति पांडे की सकुशल बरामदगी की मांग तेज, सदर थाना के समक्ष शांतिपूर्ण प्रदर्शन
तेज रफ्तार वाहनों से बढ़ रहे सड़क हादसे
हादसे में सुखराम चोताम्बा नामक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार के लिए नोवामुंड़ी स्थित टिस्को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।























